बिना सबूत के किसी पर आरोप न लगाएं, सदन की गरिमा का भी ध्यान रखें...लोकसभा स्पीकर की कांग्रेस सांसदों को हिदायत
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कांग्रेस के एक सांसद की टिप्पणी पर बुधवार को कहा कि बिना तथ्यों और सबूत के आरोप नहीं लगाए जाने चाहिए। लोकसभा अध्यक्ष ने यह भी कहा कि राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा केंद्रित रहनी चाहिए, ना कि किसी एक व्यक्ति पर। चर्चा में भाग लेते हुए तेलंगाना से कांग्रेस के सदस्य एन उत्तम कुमार रेड्डी ने अडाणी समूह से जुड़े मुद्दे का उल्लेख किया और इस संबंध में हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट पर जेपीसी जांच या सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच कराने की विपक्षी दल की मांग दोहराई।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने अडाणी की तरफदारी की है। इस पर लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने कहा कि सांसद को बिना साक्ष्यों के आरोप नहीं लगाने चाहिए। बिरला ने कहा कि आप बिना तथ्यों और साक्ष्य के बोल रहे हैं। आपको सदन की गरिमा बनाकर रखनी चाहिए।'' हालांकि, रेड्डी ने कहा कि उनके पास प्रमाण हैं और वह सदन में उन्हें रख देंगे। बिरला ने कहा, ‘‘हम राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा कर रहे हैं, लेकिन हम यहां केवल एक व्यक्ति के बारे में बात कर रहे हैं।
0 टिप्पणियाँ